रूस की परमाणु पनडुब्बियों की संख्या अमेरिका से अधिक, सांसद का दावा
रूसी सांसद का बयान
नई दिल्ली। रूसी संसद के एक सदस्य ने जानकारी दी है कि अमेरिका द्वारा भेजी गई दो पनडुब्बियों का मुकाबला करने के लिए समुद्र में पर्याप्त संख्या में रूसी परमाणु पनडुब्बियां मौजूद हैं।
रूसी सांसद विक्टर वोडोलात्स्की ने कहा, "दुनिया के महासागरों में रूसी पनडुब्बियों की संख्या अमेरिकी पनडुब्बियों से कहीं अधिक है। जिन पनडुब्बियों को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भेजने का आदेश दिया है, वे पहले से ही उनके नियंत्रण में हैं। इसलिए, इस पर रूस की ओर से कोई प्रतिक्रिया आवश्यक नहीं है।"
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?
शुक्रवार (01 अगस्त, 2025) को ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने पूर्व रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव के भड़काऊ बयानों के कारण अमेरिकी पनडुब्बियों को फिर से तैनात करने का आदेश दिया।
'अमेरिकी पनडुब्बियां निशाने पर'
इस पर रूसी सांसद ने कहा, "दोनों अमेरिकी पनडुब्बियों को रवाना होने दीजिए, वे लंबे समय से निशाने पर हैं।" उन्होंने यह भी कहा कि रूस और अमेरिका के बीच एक मौलिक समझौता होना चाहिए ताकि विश्व शांति स्थापित हो सके और तीसरे विश्व युद्ध की चर्चा बंद हो जाए।
इस बीच, ग्लोबल अफेयर्स पत्रिका के प्रधान संपादक फ्योदोर लुक्यानोव ने ट्रंप के परमाणु पनडुब्बियों से संबंधित बयान को गंभीरता से न लेने की सलाह दी।