हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाई धूम
फिल्म 'ऑब्सेशन' की सफलता की कहानी
फिल्म निर्माता करी बार्कर द्वारा कम बजट में बनाई गई हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' इस वर्ष की सबसे बड़ी सरप्राइज हिट में से एक बन गई है। यह फिल्म 15 मई को अमेरिका में रिलीज हुई और 29 मई को भारतीय दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में आई। 'ऑब्सेशन' ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया है, और इसे दर्शकों के साथ-साथ बॉलीवुड के सितारों द्वारा भी बेहतरीन हॉरर मूवी के रूप में सराहा जा रहा है। इसकी आकर्षक कहानी और मजबूत कास्ट ने इसे चर्चा का विषय बना दिया है। इस सुपरनैचुरल साइकोलॉजिकल थ्रिलर ने कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे जैसे सितारों का ध्यान भी खींचा है, जिन्होंने हाल ही में सोशल मीडिया पर फिल्म की प्रशंसा की।
कम बजट में बनी 'ऑब्सेशन' ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए
सिर्फ 7.5 लाख से 10 लाख डॉलर के बजट में बनी 'ऑब्सेशन' ने विश्वभर में 100 मिलियन डॉलर से अधिक की कमाई कर ली है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। 1 घंटे 49 मिनट की इस फिल्म को IMDb पर 8.2 की रेटिंग मिली है, और इसकी कहानी दर्शकों को शुरू से लेकर अंत तक बांधे रखती है।
कार्तिक आर्यन ने 'ऑब्सेशन' को बताया बेहतरीन हॉरर
कार्तिक आर्यन ने इस फिल्म को सालों बाद आई सबसे बेहतरीन हॉरर फिल्मों में से एक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, 'बहुत लंबे समय बाद आई सबसे बेहतरीन हॉरर फिल्मों में से एक। #Obsession के लिए मैं पूरी तरह से क्रेजी हो गया हूं। इसे देखना बिल्कुल भी मिस न करें।'
अनन्या पांडे की पसंदीदा हॉरर फिल्म बनी 'ऑब्सेशन'
अनन्या पांडे ने भी 'ऑब्सेशन' देखने के बाद इसकी तारीफ की और अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि यह साइकोलॉजिकल हॉरर थ्रिलर फिल्म खत्म होने के काफी देर बाद तक उनके दिमाग में छाई रही। उन्होंने कहा, 'मैं इस फिल्म को अपने दिमाग से निकाल ही नहीं पा रही हूं। यह कहना गलत नहीं होगा कि मैं इस फिल्म के लिए पूरी तरह से क्रेजी हो गई हूं।'