हिमाचल में सड़क हादसे में राजस्थानी युवक की मौत, तीन घायल
भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की जान गई
राजस्थान के सीकर जिले के एक युवक की हिमाचल प्रदेश में एक गंभीर सड़क दुर्घटना में जान चली गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह हादसा हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में अटल टनल (North Portal) के निकट हुआ। तेज गति से चल रही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे लगे लोहे के बैरिकेड्स को तोड़ते हुए हवा में उछल गई और निर्माणाधीन पुल के कंक्रीट पिलर में फंस गई। यदि वाहन वहां नहीं रुकता, तो वह सीधे सैकड़ों फीट नीचे बह रही चंद्रा (चंद्रभागा) नदी में गिर जाता, जिससे सभी यात्रियों के बचने की संभावना लगभग समाप्त हो जाती।
इस दुखद घटना में सीकर जिले के मंडोटा गांव के 34 वर्षीय कैलाश कुमार की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं राजेंद्र (सीकर), सिद्धार्थ सिंह शेखावत (खाटूश्यामजी, सीकर) और आदित्य (लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें रेस्क्यू कर मनाली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।