हरियाणा पुलिस ने बादशाह के खिलाफ कार्रवाई की, विवादित गीत पर एफआईआर दर्ज
बादशाह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
चंडीगढ़: हरियाणा पुलिस ने रैपर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया, जिन्हें बादशाह के नाम से जाना जाता है, के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने के मामले में सख्त कदम उठाया है। उनके हाल ही में जारी गीत 'टटीरी' के संदर्भ में एफआईआर दर्ज की गई है और लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू की गई है ताकि वह देश से बाहर न जा सकें। पुलिस ने इस गीत को यूट्यूब से हटवाने के लिए भी कार्रवाई की है और सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्मों से इसे हटाने के लिए नोटिस जारी किए हैं।
पंचकूला पुलिस ने गायक को तुरंत पुलिस के सामने पेश होने के लिए नोटिस भेजा है। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया है, जो संभावित स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि विवादित गीत को हटा दिया गया है और अन्य म्यूजिक प्लेटफॉर्म, यूट्यूब चैनल और व्यक्तिगत सोशल मीडिया हैंडल्स से भी इस गाने से संबंधित रील्स और शॉर्ट वीडियो को हटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। यदि कोई व्यक्ति इस विवादित गाने से संबंधित रील या वीडियो बनाता है या आपत्तिजनक सामग्री फैलाता है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पंचकूला सेक्टर 20 साइबर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा-296 और इंडिसेंट रिप्रेजेंटेशन ऑफ वीमेन (प्रोहिबिशन) एक्ट-1986 की धारा-3 और 4 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है, जिससे स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत करने का आरोप लगाया गया है। इस गीत में जींद रोडवेज डिपो की बस भी दिखाई गई है। यदि बिना अनुमति के बस का उपयोग किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ धारा-120बी के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शूटिंग के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति ली गई थी या नहीं।
बादशाह ने वीडियो जारी कर मांगी माफी। उन्होंने कहा कि विवादित गीत में लिरिक्स और विजुअल के कारण हरियाणा के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। बादशाह ने खुद को हरियाणवी बताते हुए कहा कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था जिसमें बच्चों, महिलाओं, और बेटियों के बारे में बेहुदा शब्दों का उपयोग किया जाए। उन्होंने हरियाणा की संस्कृति और बोली को ऊंचाइयों तक ले जाने का उद्देश्य बताया और कहा कि यदि किसी को गीत से ठेस पहुंची है, तो वह क्षमा मांगते हैं।
विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी, और मातृ शक्ति जैसे संगठनों ने इस गीत पर कड़ी आपत्ति जताई है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री वरुण ने कहा कि इस प्रकार के गीत समाज में गलत संदेश फैलाते हैं। मातृ शक्ति की प्रांत संयोजिका इंदु ने कहा कि मनोरंजन के नाम पर बेटियों और महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली किसी भी सामग्री को समाज स्वीकार नहीं कर सकता। दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका नेहा और सह संयोजिका राधिका ने गायक बादशाह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।