हरियाणा के मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर कसा तंज, आरोप लगाए
मुख्यमंत्री का राहुल गांधी पर हमला
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के ‘शहजादे’ अपनी लगातार हार से हताश होकर देशभर में ‘झूठा’ प्रचार कर रहे हैं।
सैनी ने यह भी कहा कि गांधी ने पहले संविधान के मुद्दे पर ‘झूठा’ प्रचार किया और अब मतदाता सूची के बारे में भी ऐसा ही कर रहे हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का अंतर 22,779 वोट था, जिसे वह चुनावी धांधली का बहाना बना रहे हैं।’
राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा था कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीत और हार का अंतर केवल 22,779 मतों का था।
सैनी ने जवाब देते हुए कहा, ‘अगर ये 22 हजार वोट भाजपा को मिलते, तो हम कम से कम 10 और सीटें जीत सकते थे। भाजपा को केवल 12,592 वोटों के मामूली अंतर से सात सीटों पर हार का सामना करना पड़ा, जिनमें लोहारू, आदमपुर, रोहतक, सढौरा, पंचकूला, फतेहाबाद और थानेसर शामिल हैं।’
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि उन्हें बार-बार जनता के जनादेश का अपमान करना बंद करना चाहिए और अपनी दिशाहीन, विफल और गुटबाज़ी में उलझी कांग्रेस को संभालना चाहिए।
सैनी ने बृहस्पतिवार को भी कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले दो दशकों में राहुल गांधी ने राजनीति में खुद को स्थापित करने के कई प्रयास किए, लेकिन वे असफल रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा, ‘राहुल गांधी हर मुद्दे पर भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर अनावश्यक टिप्पणी करते हैं; अपने राजनीतिक अस्तित्व को बचाने के लिए निर्वाचन आयोग पर टिप्पणी करना अनुचित है।’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि गांधी न केवल असफल रहे हैं, बल्कि उन्होंने अपनी पूरी कांग्रेस को भी डुबो दिया है।