हरियाणा की लाडो लक्ष्मी योजना पर अनुराग ढांडा का तीखा हमला
अनुराग ढांडा का आरोप
आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता अनुराग ढांडा ने शनिवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में एक बड़े मंच पर दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की पहली किस्त का ऐलान किया, लेकिन यह महिलाओं के लिए एक बड़ा चुनावी धोखा है।
अनुराग ने बताया कि चुनाव से पहले भाजपा ने हर महिला को ₹2100 प्रति माह देने का वादा किया था, लेकिन अब जब योजना लागू हुई है, तो वास्तविकता यह है कि 1.4 करोड़ महिलाओं में से केवल 3.73 प्रतिशत को ही लाभ मिला है। इसका मतलब है कि 96.27 प्रतिशत महिलाएं ठगी गई हैं। भाजपा ने हर महिला को लाभ देने का वादा किया था, लेकिन अब वह जानबूझकर शर्तें थोप रही है।
लाडो योजना की शर्तों पर उठाए सवाल
ढांडा ने कहा कि सरकार ने ऐसी शर्तें लागू की हैं कि अधिकांश महिलाएं योजना से बाहर हो गई हैं। परिवार की वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए, उम्र 23 साल से अधिक होनी चाहिए, और यदि किसी महिला का पति हरियाणा के बाहर है या घर में कोई पहले से पेंशन ले रहा है, तो वह भी योजना से बाहर है। गरीब परिवारों की लड़कियां, कॉलेज जाने वाली युवतियां, नई बहुएं और विधवा महिलाएं सभी इससे बाहर कर दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंच पर फोटो खिंचवाकर दिखाया कि सरकार महिलाओं को सशक्त कर रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि यह योजना नहीं, बल्कि महिलाओं के साथ मजाक है। भाजपा ने महिलाओं को अधिकार नहीं, अपमान दिया है। यह लाडो लक्ष्मी नहीं, बल्कि लुटो लक्ष्मी योजना है, जिसमें वादा करोड़ों का था, लेकिन लाभ कुछ हजार लोगों को ही मिला।
भाजपा की प्रचार चिंता
अनुराग ढांडा ने कहा कि भाजपा को महिलाओं की समस्याओं की चिंता नहीं है, उसे केवल अपने प्रचार की फिक्र है। मुख्यमंत्री के पास प्रचार का समय है, लेकिन आम महिलाओं के लिए न तो नीति है, न ही इच्छा। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब भाजपा के झूठे वादों में नहीं फंसेंगी। उन्होंने सब कुछ देख लिया है- मंच, भाषण और झूठ का खेल। अब भाजपा को केवल ₹2100 का नहीं, बल्कि महिलाओं के हर वोट का हिसाब देना होगा। हरियाणा की बेटियां अब चुप नहीं रहेंगी, वे अपना हक लेकर रहेंगी।