×

सीबीआई ने केजरीवाल को बरी करने के आदेश को चुनौती दी

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य को बरी करने वाले विशेष अदालत के आदेश को सीबीआई ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। सीबीआई का कहना है कि यह आदेश अभियोजन पक्ष के मामले की चयनात्मक व्याख्या पर आधारित है और इसमें कई त्रुटियां हैं। विशेष न्यायाधीश ने केजरीवाल के खिलाफ कोई ठोस सबूत न होने की बात कही थी। इस मामले की सुनवाई नौ मार्च को होगी।
 

सीबीआई की याचिका पर उच्च न्यायालय में सुनवाई

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और अन्य को बरी करने वाले विशेष अदालत के फैसले को चुनौती देते हुए, सीबीआई ने दिल्ली उच्च न्यायालय में दलील दी है कि यह आदेश “अभियोजन पक्ष के मामले की चयनात्मक व्याख्या” पर आधारित है, जिसमें आरोपियों की संलिप्तता को दर्शाने वाली सामग्री को नजरअंदाज किया गया है। एजेंसी ने इसे “स्पष्ट रूप से अवैध” करार दिया।


सीबीआई ने अपनी 974 पृष्ठों की याचिका में कहा कि विशेष न्यायाधीश ने संक्षिप्त सुनवाई की, जिसमें आरोपियों के कार्यों का समग्र मूल्यांकन करने के बजाय साजिश के विभिन्न पहलुओं को अलग-अलग देखा गया। एजेंसी ने इस आदेश को “विकृत” बताते हुए कहा कि इसमें “स्पष्ट त्रुटियां” हैं और यह तथ्यों की “गलत व्याख्या” पर आधारित है, जो उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन करता है।


विशेष अदालत ने शुक्रवार को शराब नीति मामले में केजरीवाल, सिसोदिया और 21 अन्य को सीबीआई द्वारा दायर आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार करते हुए बरी कर दिया था। जिन 21 लोगों को क्लीन चिट मिली है, उनमें तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष के. कविता भी शामिल हैं। विशेष न्यायाधीश जितेंद्र सिंह ने सीबीआई को जांच में कमियों के लिए फटकार लगाते हुए कहा कि केजरीवाल के खिलाफ कोई ठोस सबूत नहीं है और सिसोदिया तथा अन्य आरोपियों के खिलाफ प्रथम दृष्टया कोई मामला नहीं बनता है।


कुछ ही घंटों बाद, सीबीआई ने उच्च न्यायालय में इस आदेश को चुनौती देने के लिए तत्काल पुनरीक्षण याचिका दायर की। इस मामले की सुनवाई नौ मार्च को होगी। सीबीआई ने कहा, “जिस आदेश को चुनौती दी गई है, वह स्पष्ट रूप से अवैध, विकृत और त्रुटियों से भरा हुआ है। मामले के तथ्यों को सही परिप्रेक्ष्य में समझने में असमर्थता के कारण माननीय विशेष न्यायाधीश ने जांच एजेंसी और जांच अधिकारियों के खिलाफ निराधार टिप्पणियां की हैं।”