×

सिक्किम में पर्वतारोहण के दौरान उत्तर प्रदेश के व्यक्ति की मौत

सिक्किम के गोएचाला पर्वतारोहण मार्ग पर उत्तर प्रदेश के 45 वर्षीय सूरज कुमार तिवारी की दुखद मृत्यु हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ एक आठ दिन की यात्रा पर थे जब उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थानीय लोगों और पर्वतारोहियों की मदद से उन्हें युकसोम ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। यह घटना 2025 में गोएचाला मार्ग पर हुई मौतों की तीसरी घटना है। प्रशासन से चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग की गई है।
 

सिक्किम में पर्वतारोहण के दौरान हुई दुखद घटना

उत्तर प्रदेश के 45 वर्षीय सूरज कुमार तिवारी की सिक्किम के प्रसिद्ध गोएचाला पर्वतारोहण मार्ग पर मृत्यु हो गई। यह जानकारी स्थानीय पुलिस ने दी।


तिवारी अपने दो दोस्तों के साथ यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खांगचेंद्जोंगा राष्ट्रीय उद्यान में आठ दिन की पर्वतारोहण यात्रा पर गए थे।


पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि तिवारी ने बृहस्पतिवार को चढ़ाई शुरू की थी, लेकिन सुबह लगभग नौ बजे कोक्चुरोंग शिविर के निकट उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसमें लकवे जैसे लक्षण दिखाई दिए।


साथी पर्वतारोहियों और गाइड ने उसे प्राथमिक उपचार प्रदान किया।


स्थानीय लोगों और अन्य पर्वतारोहियों की सहायता से उसे युकसोम की ओर ले जाते समय बृहस्पतिवार की शाम करीब आठ बजे 12,100 फुट की ऊंचाई पर फेदांग के पास उसकी मृत्यु हो गई।


उसका शव शुक्रवार को ग्यालशिंग जिला अस्पताल लाया गया।


पोस्टमार्टम और कानूनी औपचारिकताओं के बाद शनिवार को शव उसके परिवार को सौंप दिया गया। तिवारी के परिवार में उसकी पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।


यह वर्ष 2025 में गोएचाला मार्ग पर हुई मौतों की तीसरी घटना है।


युकसोम के पर्यटन से जुड़े हितधारकों ने प्रशासन से जोंगरी-गोएचाला कॉरिडोर में चिकित्सा सुविधाओं और आपातकालीन बचाव व्यवस्था को मजबूत करने की अपील की है।