सरदार पटेल की जयंती पर पीएम मोदी का एकता दिवस पर जोरदार संबोधन
एकता दिवस का महत्व
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती को पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस अवसर पर गुजरात के केवडिया में एकता दिवस परेड का आयोजन किया गया। पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा कि एकता दिवस का महत्व 15 अगस्त और 26 जनवरी के समान है। आज हम एक ऐतिहासिक पल का अनुभव कर रहे हैं। परेड में 26 जनवरी जैसी झांकियां प्रस्तुत की गईं।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता की नींव रखी और छोटे-छोटे राज्यों को जोड़कर एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण किया। उनका योगदान हर भारतीय के लिए प्रेरणादायक है। उनके लिए ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का विचार सर्वोपरि था।
पीएम मोदी ने कहा कि आज लाखों लोगों ने एकता की शपथ ली है। हमने यह संकल्प लिया है कि हम ऐसे कार्यों को बढ़ावा देंगे जो राष्ट्र की एकता को मजबूत करें। हर नागरिक को उन विचारों या कार्यों का त्याग करना चाहिए जो हमारे राष्ट्र की एकता को कमजोर करते हैं। यह हमारे देश के लिए समय की आवश्यकता है।”
सरदार साहब को सच्ची श्रद्धांजलि
पीएम मोदी ने कहा कि हर ऐसी बात जो देश की एकता को कमजोर करती है, उससे हर देशवासी को दूर रहना चाहिए। यह हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है और सरदार साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है। यही आज देश की आवश्यकता है और यही एकता दिवस का संदेश भी है।
उन्होंने आगे कहा कि सरदार साहब ने देश की संप्रभुता को हमेशा प्राथमिकता दी, लेकिन दुर्भाग्य से उनके निधन के बाद की सरकारों में इस पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। कश्मीर में हुई गलतियों और पूर्वोत्तर में उत्पन्न समस्याओं ने देश की संप्रभुता को चुनौती दी।
नेहरू और सरदार साहब की इच्छाएं
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार साहब चाहते थे कि कश्मीर का विलय भी उसी तरह हो जैसे अन्य रियासतों का हुआ, लेकिन नेहरू जी ने उनकी इच्छा को पूरा नहीं होने दिया। कश्मीर को अलग संविधान और निशान से बांट दिया गया। कांग्रेस की नीतियों के कारण कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के अवैध कब्जे में चला गया।
घुसपैठियों का खतरा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश की एकता और आंतरिक सुरक्षा को घुसपैठियों से बड़ा खतरा है। दशकों से विदेशी घुसपैठिए देश के संसाधनों पर कब्जा कर रहे हैं और डेमोग्राफी का संतुलन बिगाड़ रहे हैं। पुरानी सरकारें इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रही थीं। अब देश ने इस खतरे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया है।