सतत विकास के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन
जिम्मी और जनक मगिलिगन की शादी की 38वीं सालगिरह
प्रकृति के प्रति प्रेम और सतत जीवन को समर्पित जिम्मी और जनक मगिलिगन फाउंडेशन फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट ने 27 नवंबर 2026 को उनके निवास 'गिरिदर्शन', सनावदिया में एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यक्रम उनकी शादी की 38वीं सालगिरह के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जीवांश बत्रा के शंखनाद और जनक दीदी, प्रिया शर्मा तथा डॉ. प्रकाश कौशल की बहाई प्रार्थनाओं से हुई। डॉ. जनक पलटा मगिलिगन ने सभी का स्वागत करते हुए बहाई धर्म की शिक्षाओं और अपने 38 वर्षों के दांपत्य जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, 'पति-पत्नी एक पक्षी के दो पंखों के समान हैं।' उन्होंने रिश्ते की मजबूती के लिए सहयोग, विश्वास और सम्मान की आवश्यकता पर जोर दिया।
जनक दीदी ने बताया कि सतत विवाह केवल बिना बर्बादी के समारोह आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवनभर एक स्वस्थ और प्रेमपूर्ण संबंध बनाए रखना भी है। उन्होंने कहा कि जिम्मी और वे दोनों शादी से पहले से ही बहाई धर्म के अनुयायी हैं और अपने दांपत्य जीवन को मानवता के पक्षी की तरह जीने का प्रयास करते हैं।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य कम खर्च में स्वच्छ और प्लास्टिक-मुक्त विवाह समारोह का आयोजन करना था, ताकि धन का दुरुपयोग न हो और शादी के बाद कचरा भी न बचे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यूयॉर्क के गायक, गीतकार एवं गिटारिस्ट जेम्स डीन कोंकलिन ने 'पानी बचाओ, हवा बचाओ, प्रकृति बचाओ, जीवन बचाओ' पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। उनकी रचनाओं में पर्वतों से बहती नदी की यात्रा और स्त्री ऊर्जा को संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। उनकी पत्नी एलिसा ज़ज़ेरा ने वैवाहिक जीवन में एक-दूसरे की खूबियों को पहचानने और सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।
श्रीमती आभा पलटा तिवारी ने विवाह के बाद नए परिवार को समझने और अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ समीर शर्मा ने विवाह समारोहों से उत्पन्न कचरे और उसके पर्यावरणीय प्रभाव पर तथ्यात्मक प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि 200 से 500 मेहमानों वाले होटल विवाह में लगभग 150 से 300 किलोग्राम कचरा उत्पन्न हो सकता है।
समीर शर्मा ने अपने विवाह का उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी यूक्रेनी पत्नी अलीना के साथ अलग देश, भाषा और संस्कृति होने के बावजूद प्रेम और आपसी समझ ही उनके रिश्ते की ताकत बने। उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि जीवनसाथी का चयन केवल बाहरी आकर्षण से नहीं, बल्कि चरित्र और मूल्यों के आधार पर करना चाहिए।
प्रोफेसर श्रीमती जयश्री सिक्का ने आर्य समाज परंपरा में आयोजित अपने टिकाऊ विवाह का अनुभव साझा किया। अन्य प्रतिभागियों ने भी सस्टेनेबल विवाह और जीवनशैली से जुड़े अनुभव प्रस्तुत किए।
दिव्य कौशल और उनके पिता डॉ. प्रकाश कौशल ने विवाह में व्यक्तिगत पसंद और माता-पिता की सहमति के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने विश्वास और पारदर्शिता को सफल विवाह की नींव बताया।
कार्यशाला ने यह संदेश दिया कि सस्टेनेबिलिटी केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि रिश्तों और सामुदायिक जीवन तक फैली हुई है।
कार्यक्रम का समापन फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री वीरेंद्र गोयल के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।