वाराणसी में स्कूल शिक्षिका पर बच्चे को जलाने का आरोप
शिक्षिका ने बच्चे को गर्म चाकू से जलाया
वाराणसी (उप्र), 27 जुलाई: वाराणसी के पांडेपुर क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में एक शिक्षिका ने पांच वर्षीय बच्चे के पैंट में पेशाब करने पर कथित तौर पर उसके 'निजी अंग' को गर्म चाकू से जला दिया। पुलिस ने सोमवार को इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, शिक्षिका, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
अधिवक्ता केसरी जायसवाल ने बताया कि उनका बेटा सरीन, जो नर्सरी का छात्र है, 24 जुलाई को स्कूल गया था। घर लौटने पर उसने अपने 'निजी अंग' में दर्द की शिकायत की। जब उसकी मां ने जांच की, तो वहां छाले पाए गए। पूछने पर बच्चों ने बताया कि सरीन ने बाथरूम जाने के लिए शिक्षिका प्रीति कुशवाहा से अनुमति मांगी थी, लेकिन उसे मना कर दिया गया।
जायसवाल के अनुसार, इसके बाद बच्चे ने पैंट में पेशाब कर दिया, जिससे शिक्षिका गुस्से में आ गई और उसे दूसरे कमरे में ले जाकर गैस चूल्हे पर चाकू गर्म कर उसके 'निजी अंग' को जला दिया।
जायसवाल ने 25 जुलाई को अपनी पत्नी और बच्चे के साथ स्कूल जाकर प्रधानाचार्य और प्रबंधन से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल ने कोई कार्रवाई नहीं की और कहा कि जो करना है कर लीजिए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी।
लालपुर-पांडेयपुर थाने ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिक्षिका प्रीति कुशवाहा, स्कूल प्रबंधन और प्रधानाचार्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराओं 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 118(1) (चाकू, आग अन्य खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाना) और 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।