लखनऊ में निजी स्कूलों पर भारी जुर्माना, अवैध फीस वृद्धि के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई
लखनऊ में निजी स्कूलों पर जुर्माना
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में निजी स्कूलों द्वारा अवैध रूप से फीस बढ़ाने के खिलाफ जिला प्रशासन और शुल्क नियामक समिति ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। 'उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित स्वतंत्र विद्यालय (शुल्क विनियमन) अधिनियम' का उल्लंघन करने के आरोप में लखनऊ के 8 प्रमुख प्राइवेट स्कूलों पर 5-5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
अवैध फीस वृद्धि पर कार्रवाई
जिला प्रशासन और जांच समिति को अभिभावकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ये स्कूल बिना किसी ठोस कारण के फीस बढ़ा रहे हैं। स्ववित्तपोषित स्कूलों के लिए निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए इन सभी 8 स्कूलों को दोषी पाया गया, जिसके बाद प्रशासन ने यह कठोर कदम उठाया।
जुर्माना लगाने वाले स्कूलों की सूची:
प्रशासन द्वारा जारी की गई सूची में शामिल स्कूलों में राजधानी के कई प्रमुख नाम हैं:
एलेन हाउस स्कूल (Allenhouse School)
सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल (Seth M.R. Jaipuria School)
सेंट डोमिनिक स्कूल (St. Dominic’s School)
ब्राइट वे कॉलेज (Bright Way College)
सीलवती आइडियल स्कूल (Seelwati Ideal School)
आश्रम एकेडमी (Ashram Academy)
हुकुम सिंह कॉलेज (Hukum Singh College)
केजे मॉर्डन पब्लिक स्कूल (KJ Modern Public School)
इस कार्रवाई के बाद लखनऊ के अन्य निजी स्कूलों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी स्कूल ने नियमों का उल्लंघन किया या अभिभावकों का शोषण किया, तो उनके लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है।