रोहतक में 19 वर्षीय युवक की हत्या, शव खेत में मिला
महम चौबीसी में युवक की हत्या का मामला
रोहतक के महम चौबीसी के फरमाणा गांव में दो दिन पहले लापता हुए 19 वर्षीय युवक मोहित का शव खेत में पाया गया है। युवक की हत्या गला रेतकर की गई है। शव के धड़ और गर्दन को गेहूं की फसल के बीच थोड़ी दूरी पर पाया गया। महम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, फरमाणा गांव के निवासी वकील उर्फ बनिया ने शुक्रवार शाम को शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। उनका बेटा मोहित वीरवार शाम को घर से यह कहकर निकला था कि वह शादी में पैसे इकट्ठा करने जा रहा है, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। शुक्रवार को पूरे दिन उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। परिवार ने सोचा कि वह किसी दोस्त या रिश्तेदार के पास गया होगा।
पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर युवक की खोज शुरू की। इसी बीच, शनिवार सुबह गांव के बाहर गेहूं के खेत में उसका शव मिला। सूचना मिलने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। शव के धड़ और गर्दन अलग-अलग स्थानों पर मिले हैं। एफएसएल विशेषज्ञ डॉक्टर सरोज दहिया को मौके पर बुलाया गया। महम थाना प्रभारी रवींद्र ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है और यह जांच की जा रही है कि युवक की हत्या की गई है या किसी जानवर ने उसे काटकर अलग किया है।