रेखा को मेलबर्न फिल्म महोत्सव में मिलेगा उत्कृष्ट सिनेमा पुरस्कार
रेखा का सम्मान और फिल्म 'उमराव जान'
नई दिल्ली, 28 जुलाई: प्रसिद्ध अभिनेत्री रेखा भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) में विशेष अतिथि के रूप में भाग लेंगी, जहाँ उन्हें उत्कृष्ट सिनेमा पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इस महोत्सव में रेखा के अद्वितीय फिल्मी करियर और भारतीय सिनेमा में उनके महत्वपूर्ण योगदान को मान्यता देने के लिए उनकी चर्चित फिल्म ‘उमराव जान’ प्रदर्शित की जाएगी। रेखा ने ‘सिलसिला’, ‘खूबसूरत’, ‘इजाजत’, ‘घर’, ‘खून भरी मांग’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ और ‘कोई... मिल गया’ जैसी कई फिल्मों के माध्यम से भारतीय सिनेमा में अपनी गहरी छाप छोड़ी है।
मुजफ्फर अली द्वारा निर्देशित ‘उमराव जान’ रेखा की करियर की सबसे महत्वपूर्ण कृतियों में से एक मानी जाती है। इस वर्ष इस फिल्म की रिलीज को 45 साल पूरे हो गए हैं। रेखा ने एक बयान में कहा, ‘‘ ‘उमराव जान’ कभी मुझसे दूर नहीं हुई। वह मेरी यादों, मेरी खामोशियों और उन लोगों के दिलों में बसती हैं, जिन्होंने वर्षों से उसे बहुत प्यार और अपनापन दिया है। उस सफर को फिर से याद करना और इस फिल्म को वैश्विक मंच पर सम्मानित होते देखना मेरे लिए बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव है।’’
रेखा 15 अगस्त को मेलबर्न में भारतीय समुदाय के सदस्यों, ऑस्ट्रेलिया के गणमान्य व्यक्तियों, फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों के साथ भारतीय तिरंगा भी फहराएंगी। भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक किया जाएगा।