रुड़की में लापता नाबालिग बच्चा सुरक्षित मिला
मंगलौर क्षेत्र से लापता बच्चे की सकुशल बरामदगी
रुड़की। मंगलौर क्षेत्र से डेढ़ महीने पहले लापता एक नाबालिग बच्चे को सुरक्षित रूप से खोज लिया गया है। पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से बरामद किया और परिजनों को सौंप दिया। ग्राम निजामपुर के निवासी सतीश कुमार ने 11 मार्च 2026 को कोतवाली मंगलौर में बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
परिवार ने बताया कि बच्चे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिससे उसकी खोज और भी कठिन हो गई थी। सूचना मिलते ही मंगलौर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश और दिल्ली समेत कई राज्यों में बच्चे की तलाश की। स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया, पंपलेट और मंदिर-मस्जिदों में बच्चे की गुमशुदगी की जानकारी फैलाई गई।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने नाबालिग को मुजफ्फरनगर से सुरक्षित बरामद कर लिया। अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। उन्होंने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सफल अभियान में उपनिरीक्षक संजय पूनिया, महिला उपनिरीक्षक नीलम, अपर उपनिरीक्षक ललित, महिला कांस्टेबल मरजीना और महिला कांस्टेबल मीना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।