राजस्थान में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन
सदस्य सचिव श्री कपिल चन्द्रवाल ने किया ध्वजारोहण, नागरिकों से स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त,
राजस्थान के निर्माण का किया आह्वान
जयपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल मुख्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर मण्डल के सदस्य सचिव श्री कपिल चन्द्रवाल ने ध्वजारोहण किया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता को दोहराया।
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में श्री चन्द्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता का असली अर्थ तभी सार्थक होगा जब हर नागरिक स्वच्छ वायु, निर्मल जल और हरित पर्यावरण के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकारी संस्थाओं का काम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
नागरिकों के नाम प्रदूषण नियंत्रण मण्डल का संदेश—
“इस स्वतंत्रता दिवस पर आइए, प्रदूषण से आज़ादी का संकल्प लें। प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें, कचरे का पृथक्करण अपनाएं, जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाएं, वृक्षारोपण करें तथा पर्यावरणीय नियमों का पालन कर स्वच्छ, स्वस्थ एवं विकसित राजस्थान के निर्माण में सहभागी बनें।”
कार्यक्रम में मण्डल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।