×

राजस्थान के विकास पर केन्द्र सरकार के अधिकारियों के साथ मुख्य सचिव की बैठक

मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने नई दिल्ली में केन्द्र सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें राजस्थान के विकास, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन पर चर्चा की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के सलाहकार तरुण कपूर के साथ मिलकर विभिन्न योजनाओं की सफलता और आगामी प्रोजेक्ट्स के महत्व पर प्रकाश डाला। बैठक में डीरेग्यूलेशन और जीएसटी जैसे मुद्दों पर भी विचार किया गया। जानें इस बैठक के प्रमुख बिंदु और राजस्थान के विकास की दिशा में उठाए गए कदम।
 

मुख्य सचिव की नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक


जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को नई दिल्ली में केन्द्र सरकार के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें राज्य के विकास से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।


उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सलाहकार तरुण कपूर के साथ मिलकर राजस्थान में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, विकास और विभिन्न केन्द्र एवं राज्य योजनाओं की सफलता पर विचार-विमर्श किया। मुख्य सचिव ने बताया कि 4 जुलाई को प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान में उद्घाटन और शिलान्यास किए गए प्रोजेक्ट्स, विकसित राजस्थान@2047 और विकसित भारत@2047 के लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।


मुख्य सचिव ने केन्द्रीय कैबिनेट सचिवालय में सचिव (समन्वय) डॉ. मनोज गोविल के साथ बैठक में राजस्थान में डीरेग्यूलेशन और कम्पलायंस रिडक्शन फेज—2 की प्रगति पर जानकारी दी। इस बैठक में डॉ. गोविल ने राजस्थान की प्रशंसा की और उम्मीद जताई कि फेज—2 में भी राज्य शीर्ष स्थान पर रहेगा। उन्होंने बताया कि राईजिंग राजस्थान की सफलता के साथ ही राज्य में ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को भी प्रोत्साहन मिला है।


मुख्य सचिव ने कर्तव्य भवन में केन्द्रीय व्यय सचिव वी. वुअलनाम से केन्द्र की योजनाओं की प्रगति और मदर सेंक्शन पर चर्चा की।


उन्होंने कर्तव्य भवन में केन्द्रीय राजस्व सचिव अरविन्द श्रीवास्तव के साथ जीएसटी से संबंधित मुद्दों और जीएसटी स्लैब रिफॉर्म के बाद हुए सकारात्मक परिवर्तनों पर भी चर्चा की। इसके अलावा, उन्होंने केन्द्रीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के साथ मेक इन इंडिया पर भी वार्ता की।