राजसमंद में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
राजसमंद में मादक पदार्थों की तस्करी का भंडाफोड़
राजसमंद मादक पदार्थ तस्करी समाचार: राजसमंद पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के तस्करों के लिए कोई स्थान नहीं है। केलवा और कुंभलगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 70 लाख रुपये से अधिक का डोडा पोस्त और डोडा चूरा जब्त किया, जिससे तस्करों में हड़कंप मच गया। एसपी हेमंत कलाल के मार्गदर्शन में केलवाड़ा थाना प्रभारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से लगभग 62 लाख रुपये का डोडा पोस्त पकड़ा, जबकि चालक मौके से भागने में सफल रहा। दूसरी ओर, केलवा थाना प्रभारी सुबोध कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने 8 लाख रुपये से अधिक का डोडा चूरा और एक कार जब्त की। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके। जिले में सख्त निगरानी और लगातार कार्रवाई से अपराधियों की गतिविधियों में कमी आ रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अवैध नशे के कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राजसमंद पुलिस की इन प्रभावशाली कार्रवाइयों ने पूरे राजस्थान में अपनी पहचान बना ली है।
राजसमंद पुलिस: राजसमंद जिला पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के कार्यभार संभालने के बाद से जिले की पुलिस पूरी तरह से सतर्क है। 24 घंटे पुलिस टीम सक्रिय रहती है, जिसका परिणाम यह है कि मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। केलवाड़ा थाना पुलिस और एजीटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 62 लाख रुपये मूल्य का 413.25 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त और उसे ले जा रही एक स्कॉर्पियो कार जब्त की है। हालांकि, पुलिस की दबिश के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
कुंभलगढ़ समाचार: थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा ने बताया कि उदयपुर रेंज के आईजी के निर्देश और राजसमंद एसपी हेमंत कलाल की निगरानी में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एएसपी महेंद्र कुमार पारीक और वृत्ताधिकारी श्याम सिंह रत्नु के मार्गदर्शन में केलवाड़ा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस को एजीटीएफ उदयपुर से सूचना मिली थी कि एक स्कॉर्पियो वाहन में बड़ी मात्रा में अवैध डोडा पोस्त की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने की कार्रवाई की। पुलिस ने जब काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें 18 प्लास्टिक कट्टों में भारी मात्रा में डोडा पोस्त मिला। जांच के दौरान कुल 413.25 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही वाहन और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। केलवाड़ा थाना पुलिस की इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनमंथ आढ़ा के नेतृत्व में एएसआई हरिसिंह चुंडावत, हरिसिंह चदाणा, मोहनलाल, धनराज, कैलाश, प्रदीप कुमार, महिपाल, पकाराम, जितेंद्रसिंह, राकेश कुमार, नरसीराम और लिखमाराम आदि शामिल हैं।
राजसमंद स्थानीय समाचार: इसी तरह केलवा थाना प्रभारी सुबोध कुमार के नेतृत्व में मांडावाड़ा बस स्टैंड के पास एक कार को रोका गया, जिसमें 55 किलो 660 ग्राम डोडा चूरा मिला। कार चालक जोधपुर के कुम्हारो की ढाणी, मथानिया निवासी श्रवण राम पुत्र आसूराम प्रजापत संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कार तथा डोडा चूरा को जब्त कर लिया। अब आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह यह डोडा चूरा कहां से लाया और कहां ले जा रहा था। हालांकि, आरोपी ने अभी तक पुलिस के सामने कुछ नहीं कहा है। केलवा थाना प्रभारी सुबोध जांगिड़ और डीएसटी प्रभारी सोनाली शर्मा के नेतृत्व में एएसआई रूपसिंह, साइबर सेल एएसआई शंभूप्रतापसिंह, लक्ष्मणलाल, विजयसिंह, अरविंद, रामकिशोर, गणपतसिंह, महावीर, जगतसिंह, किशन, हितेश पाटीदार, शंकरलाल, हंसराज आदि ने मिलकर यह कार्रवाई की। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी शेराराम फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
बाजार मूल्य 70 लाख रुपये से अधिक
राजसमंद पुलिस जब्ती: एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि केलवाड़ा थाना पुलिस द्वारा जब्त किए गए 413.25 किलो डोडा पोस्त की बाजार कीमत लगभग 62 लाख रुपये है। इसी तरह केलवाड़ा थाना पुलिस ने 8 लाख रुपये का डोडा पोस्त और डोडा चूरा पकड़ा है। इस प्रकार केलवाड़ा और केलवा क्षेत्र में जब्त कुल डोडा पोस्त की कीमत 70 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। मामले में केलवाड़ा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी केलवाड़ा थाना प्रभारी सुबोध जांगिड़ को सौंपी गई है। पुलिस अब फरार तस्करों की पहचान कर उनके नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। अवैध डोडा पोस्त की बरामदगी
‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत निरंतर कार्रवाई जारी
राजस्थान पुलिस: एसपी हेमंत कलाल ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के तहत निरंतर कार्रवाई की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार में शामिल तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। राजसमंद शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में कहीं भी किसी संदिग्ध गतिविधि का बदमाश दिखाई दे, तो तत्काल राजसमंद पुलिस के जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 100 या 02952-220712 पर कॉल कर सकते हैं। तत्काल पुलिस आपकी मदद करेंगी और बदमाश किस्म के लोगों को पकड़ा जाएगा, ताकि कई तरह की अपराधिक वारदात घटित होने से बचा जा सके।