रांची में सड़क निर्माण स्थल पर आगजनी, करोड़ों की संपत्ति हुई नष्ट
बड़कागांव में हुई आगजनी की घटना
रांची/डेस्क: बड़कागांव थाना क्षेत्र के जोराकाठ गांव में कल रात लगभग 10:00 बजे एक सड़क निर्माण स्थल पर अज्ञात अपराधियों ने जमकर उत्पात मचाया। अंधेरे का फायदा उठाते हुए, उन्होंने वहां खड़ी करोड़ों रुपये की मशीनों और वाहनों को आग लगा दी। घटनास्थल पर दो जेसीबी मशीनें, दो हाइवा ट्रक, एक ग्रेडर, एक पानी टैंकर और एक जनरेटर को जलाकर नष्ट कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, अचानक आग की लपटें और धमाकों की आवाज सुनकर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
प्रारंभिक जांच से यह मामला निर्माण कार्य से जुड़ी रंजिश या नक्सली गतिविधियों का संकेत देता है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और संदिग्धों की तलाश जारी है। आगजनी के कारण करोड़ों रुपये की संपत्ति को नुकसान हुआ है। प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील की है। दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन भी दिया गया है।