योगी आदित्यनाथ ने राम मनोहर लोहिया को उनकी पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि
राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को महान स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी नेता राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया का संघर्ष वंचित वर्ग के अधिकारों के लिए भारतीय लोकतंत्र में हमेशा मार्गदर्शक रहेगा।
योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर लिखा, ‘‘‘सप्त क्रांति’ के प्रवर्तक, समाजवादी विचारक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि!’
उन्होंने आगे कहा, ‘गरीब, किसान, श्रमिक और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए आपका (लोहिया का) संघर्ष भारतीय लोकतंत्र के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहेगा।’
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि!’
मौर्य ने कहा, ‘डॉ. राम मनोहर लोहिया जी ने सशक्त लोकतंत्र की स्थापना के लिए अपना जीवन समर्पित किया और सामाजिक न्याय एवं समानता का एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया।’
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर राजनीतिक चिंतक एवं समाजवादी नेता डॉ. राम मनोहर लोहिया जी की जयंती पर उन्हें शत शत नमन।’
डॉ. लोहिया का जन्म 23 मार्च 1910 को हुआ था और उनका निधन 12 अक्टूबर 1967 को हुआ। वे एक स्वतंत्रता सेनानी थे और गांधीवादी विचारों के अनुयायी थे। उन्होंने वंचित समुदायों के राजनीतिक सशक्तीकरण के लिए दृढ़ता से कार्य किया और कांग्रेस के उस समय के आधिपत्य के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने का प्रयास किया।