योगी आदित्यनाथ ने किसानों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति योजना का विस्तार करने का निर्देश दिया
मुख्यमंत्री की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों के मेधावी बच्चों के लिए चल रही मुख्यमंत्री कृषक छात्रवृत्ति योजना का दायरा बढ़ाया जाए, ताकि अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की संचालक मंडल की बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 3025.49 करोड़ रुपये के बजट सहित किसान कल्याण, कृषि विपणन और मंडी व्यवस्था से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मंडियों के आधुनिकीकरण और पुनरोद्धार पर जोर देते हुए उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक विपणन व्यवस्था मिल सके।
उन्होंने मंडियों में पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत कृषि उपज प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने और इसके लिए नियमों को अधिक व्यावहारिक और निवेश अनुकूल बनाने के निर्देश दिए। इससे किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने ई-नाम (राष्ट्रीय कृषि बाजार) प्लेटफॉर्म से अधिक मंडियों को जोड़ने, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन से अधिक किसानों को जोड़ने और प्रत्येक जिले में ‘ऑर्गेनिक’ उत्पादों के प्रमाणन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।