यूपी की महिला ड्राइवर और उसके पति की अनोखी जोड़ी
बुलंदशहर में चर्चा का विषय
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक पति-पत्नी की जोड़ी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत हैं। इस जोड़ी की खासियत यह है कि पत्नी बस चला रही है, जबकि पति यात्रियों के टिकट काटते हैं। यह दृश्य देखने वालों को हैरान कर देता है।
वेदकुमारी नाम की महिला रोडवेज बस की ड्राइवर हैं, जबकि उनके पति मुकेश प्रजापति बस में परिचालक का कार्य कर रहे हैं। वेदकुमारी संस्कृत में पोस्ट ग्रेजुएट हैं और पहले दिल्ली पुलिस में भर्ती की तैयारी कर रही थीं। लेकिन जब रोडवेज में महिला चालकों की भर्ती का अवसर आया, तो उन्होंने अपना इरादा बदल दिया।
एक साथ काम कर रहे हैं पति-पत्नी
वेदकुमारी ने प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत ड्राइवर बनने की ट्रेनिंग ली और 2021 में कानपुर के मॉडल ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट से भारी वाहन चलाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद उन्हें लोनी डिपो में 10 महीने के लिए प्रशिक्षण दिया गया। अप्रैल 2023 में, वेदकुमारी ने पहली बार रोडवेज बस का स्टेयरिंग थाम लिया और अब कौशांबी से बदायूं रूट पर एक ही बस में काम कर रहे हैं।
वेदकुमारी दो बच्चों की मां हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी शामिल हैं। उनका बेटा सूर्यकांत 10वीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि बेटी भाविका केजी में है। वेदकुमारी ने बताया कि वह संविदा पद पर तैनात हैं और सरकार द्वारा बनाए गए अच्छे हाईवे के कारण बस चलाने में कोई समस्या नहीं आती।
वह पिछले एक साल से बस चला रही हैं और जब यात्री उन्हें बस चलाते हुए देखते हैं, तो वे उनकी तस्वीरें खींचते हैं और वीडियो बनाते हैं। इससे वे काफी खुश हैं और अब वह अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा स्रोत बन गई हैं।