मेरठ में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 7 युवतियां और 2 ग्राहक गिरफ्तार
मेरठ में सेक्स रैकेट का खुलासा
उत्तर प्रदेश के मेरठ में रेलवे रोड थाना क्षेत्र के देवपुरी भाटीपुरा में एक मकान पर सोमवार रात को सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने इस कार्रवाई में सात युवतियों और दो ग्राहकों को रंगे हाथ पकड़ा। इस गिरोह का मुख्य सरगना और उसका एक साथी मौके से फरार हो गए। छापेमारी के दौरान जिस घर में कार्रवाई की गई, वहां चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे।
एसपी और सीओ कैंट नवीन शुक्ला ने बताया कि उन्हें कई दिनों से इस मकान में सेक्स रैकेट चलने की सूचना मिल रही थी। सोमवार रात रेलवे रोड पुलिस ने चार टीमों का गठन कर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से सात युवतियों और दो ग्राहकों को हिरासत में लिया।
इस मामले में पुलिस ने एक पान की दुकान चलाने वाले ताबिज को भी गिरफ्तार किया है, जो लड़कियों की तस्वीरें दिखाकर ग्राहकों को इरशाद के पास भेजता था। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी इरशाद पठान उर्फ पिंकू, उसकी पत्नी और दो बेटों समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इरशाद खुद को अधिवक्ता बताकर लोगों को धमकाता था और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता था। वह पिछले एक साल से इस रैकेट को चला रहा था। इरशाद ने अपने मकान के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे। 15 दिन पहले लोगों ने एसएसपी अविनाश पांडेय को इस रैकेट के बारे में शिकायत की थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले की जांच अभी भी जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस धंधे में और कौन लोग शामिल थे। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।