मृणाल ठाकुर ने डीपफेक सामग्री के खिलाफ उठाया कानूनी कदम
मृणाल ठाकुर का कड़ा संदेश
नई दिल्ली, चार अगस्त: अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें उनके नाम से कोई डीपफेक सामग्री ऑनलाइन मिलती है, तो वह कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने इस प्रकार की सामग्री के प्रसार को ‘‘गैरकानूनी और अस्वीकार्य’’ करार दिया। ठाकुर ने मंगलवार को अपने ‘इंस्टाग्राम स्टोरी’ पर एक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने उन उपयोगकर्ताओं को ‘‘औपचारिक नोटिस’’ दिया जो उनकी तरह दिखने वाली छवियों का उपयोग करके सामग्री बना रहे हैं।
उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे जैसी शक्ल वाली छवि का उपयोग करके ‘डीपफेक कंटेंट’ बनाना या साझा करना पूरी तरह से गैर-कानूनी और अस्वीकार्य है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘मेरी छवि या पहचान का दुरुपयोग कर डीपफेक सामग्री बनाना या साझा करना अवैध है। इसे तुरंत रोकें। इसे मेरा औपचारिक नोटिस समझें।’’
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी पहचान का और दुरुपयोग किया गया, तो वह कानूनी कार्रवाई करेंगी। ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर मशहूर हस्तियों के डीपफेक वीडियो और तस्वीरें एक गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। रश्मिका मंदाना, कैटरीना कैफ, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट जैसे कई कलाकार भी इस प्रकार की सामग्री का शिकार हो चुके हैं। हाल ही में, मृणाल ठाकुर वरुण धवन के साथ अपनी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में नजर आई हैं।
फिल्म में उन्होंने ‘बानी’ का किरदार निभाया है।