मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का तिलानेश गांव में विकास कार्यों का दौरा
मुख्यमंत्री का ग्रामीणों के साथ संवाद
उन्नत खेती को अपनाने की अपील, बच्चों को प्यार, महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों से संवाद
नागौर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नागौर के तिलानेश गांव में रात बिताने के बाद शनिवार सुबह गांव का दौरा किया। उन्होंने गांव की गलियों, खेतों और सार्वजनिक स्थलों पर जाकर ग्रामीणों से खुलकर बातचीत की और उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को ध्यान से सुना।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले खेतों का दौरा किया, जहां उन्होंने किसानों के साथ फसलों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेती की वर्तमान स्थिति, उपज, सिंचाई व्यवस्था, कृषि लागत और किसानों की चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने किसानों के साथ मिलकर खेतों में काम किया और उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रातः भ्रमण के दौरान, मुख्यमंत्री ने गांव की गलियों में पैदल चलकर ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाओं से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, आजीविका और राजीविका गतिविधियों पर चर्चा की। युवाओं से शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों पर बात की। बुजुर्गों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। इस दौरान, उन्होंने बच्चों को प्यार से चॉकलेट दी और उनकी पढ़ाई और भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में पूछा। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में सहकारिता की शाखा स्थापित की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जा सके।
सड़क निर्माण की घोषणा
चाय पर चर्चा के दौरान, मुख्यमंत्री ने गांव के विकास से जुड़े सुझाव सुने और तिलानेश के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने गांव में पुस्तकालय सह अटल ज्ञान केंद्र की स्थापना, रामसरी गांव से जोबनेर-बुटाटी राज्य राजमार्ग तक 1.18 करोड़ रुपये की लागत से डामर सड़क निर्माण और गांव के शिवसागर तालाब के सौंदर्यीकरण की घोषणा की।
पौधारोपण अभियान
मुख्यमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत गांव के शिवसागर तालाब की पाल पर पौधारोपण किया और ग्रामीणों से अपील की कि हर परिवार एक पेड़ लगाए और उसकी देखभाल करे। इसके बाद, उन्होंने श्री चारभुजा नाथ जी एवं वीर तेजाजी मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से लागू करना है। उन्होंने गांवों का समग्र विकास, किसानों की समृद्धि, महिलाओं का सशक्तीकरण और युवाओं को अवसर प्रदान करने को प्राथमिकता बताया।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, देवनारायण बोर्ड अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना, विधायक अजय सिंह किलक, लक्ष्मण राम कलरू, रेवंतराम डांगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।