मुंबई के कोस्टल रोड पर कार में आग लगने से यातायात प्रभावित
कोस्टल रोड पर आग लगने की घटना
बृहस्पतिवार की सुबह मुंबई के कोस्टल रोड पर एक कार में आग लग गई, जिसके कारण अधिकारियों ने इस मार्ग पर लगभग एक घंटे के लिए यातायात रोक दिया, जिससे क्षेत्र में भारी जाम लग गया।
एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग लगने की घटना सुबह करीब नौ बजे कोस्टल रोड की दक्षिण दिशा में स्थित सुरंग के अंदर हुई।
मुंबई यातायात पुलिस ने अपने 'एक्स' हैंडल पर जानकारी साझा करते हुए कहा, "कार में आग लगने के कारण कोस्टल रोड (तारदेव) के उत्तर और दक्षिण की ओर जाने वाले मार्गों पर यातायात रोक दिया गया है।"
अधिकारी ने बताया कि व्यस्त समय के दौरान आग लगने से सुरंग के पास दोनों लेनों में भारी जाम लग गया। इसके बाद हाजी अली और वर्ली कनेक्टर पर यातायात का मार्ग बदल दिया गया।
यातायात पुलिस और दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे के प्रयास के बाद कार को हटा दिया। इसके बाद दोनों दिशाओं में यातायात फिर से शुरू हो गया।
कोस्टल रोड का पूरा हिस्सा, जो दक्षिण मुंबई और उपनगरों के बीच यात्रा के समय को कम करने के लिए बनाया गया था, 16 अगस्त को सभी प्रकार के चार पहिया वाहनों और बसों के लिए खोल दिया गया था।
यह मार्ग 24 घंटे वाहनों के लिए खुला रहेगा। पिछले रविवार को एक तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी कार कोस्टल रोड के डिवाइडर से टकरा गई थी, लेकिन चालक बाल-बाल बच गया।