महिला के साथ ट्रेन में दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार
झारखंड में ट्रेन में दुष्कर्म का प्रयास
रांची। झारखंड में एक बार फिर एक गंभीर दुष्कर्म की घटना सामने आई है। उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा कर रही एक दिव्यांग महिला के साथ एक युवक ने शराब के नशे में दुष्कर्म का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार, महिला आधी रात को बाथरूम गई थी, तभी पेंट्री कार का एक कर्मचारी वहां घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने पर चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उक्त घटना ओडिशा के पुरी से ऋषिकेश जा रही उत्कल एक्सप्रेस में हुई। 28 वर्षीय पीड़िता उत्तर प्रदेश जा रही थी। रात के 2 से 3 बजे के बीच, पेंट्री कार का कर्मचारी रामजीत ने महिला के साथ बाथरूम में दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला ने बताया कि आरोपी ने उसके साथ अप्राकृतिक यौनाचार भी किया। बाथरूम से आवाज सुनकर ट्रेन में यात्रा कर रहे दो युवकों ने बाथरूम का दरवाजा खोला और महिला को आरोपी से बचाया। इसके बाद, इन युवकों ने चक्रधरपुर पहुंचने पर रेलवे पुलिस को सूचित किया। रेलवे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।