महाराष्ट्र में सरपंच संतोष देशमुख हत्या मामले में जेल में विशेष सुविधाओं की जांच
जेल में विशेष सुविधाओं की जांच
बीड (महाराष्ट्र), 7 अगस्त: सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मुख्य संदिग्ध वाल्मीकि कराड को बीड जिला जेल में विशेष सुविधाएं मिलने के आरोपों के चलते महाराष्ट्र जेल विभाग ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि पुणे और छत्रपति संभाजीनगर की टीमों ने कराड की बैरक के पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की और उनका डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) जब्त कर लिया।
जांच दल ने उन क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की भी समीक्षा की, जहां कैदियों द्वारा वीडियो और ऑडियो कॉल की जाती है, और पिछले तीन महीनों का डेटा अपने कब्जे में लिया। मृतक सरपंच के भाई धनंजय देशमुख ने आरोप लगाया था कि कराड को न्यायिक हिरासत में विशेष सुविधाएं दी जा रही हैं। इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया पर उच्चस्तरीय जांच की मांग की, जिससे यह मामला राजनीतिक रूप से गर्म हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, इन आरोपों की गंभीरता को देखते हुए जेल विभाग की सतर्कता टीम ने बृहस्पतिवार को इस जेल का दौरा किया और स्वतंत्र जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि जेल के अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के बयान दर्ज किए गए हैं। अगले दो दिनों में महानिदेशक (जेल) को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपे जाने की उम्मीद है।
बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख (45) का अपहरण 9 दिसंबर 2024 को किया गया था, जिसके बाद उन्हें यातनाएं दी गईं और उनकी हत्या कर दी गई। इस हत्या का कारण एक पवन ऊर्जा कंपनी से जबरन वसूली का विरोध करना बताया गया है।