मनसे ने भाजपा के अदाणी पर प्रतिक्रिया को लेकर उठाए सवाल
मनसे का भाजपा पर सवाल
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने मंगलवार को यह सवाल उठाया कि नगर निकाय चुनावों के प्रचार के दौरान पार्टी अध्यक्ष राज ठाकरे द्वारा उद्योगपति गौतम अदाणी पर किए गए हमले से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को इतनी ठेस क्यों पहुंची।
राज ठाकरे ने रविवार को आरोप लगाया था कि मुंबई और महाराष्ट्र की संपत्तियां अदाणी समूह को सौंपे जा रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि 2014 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से सरकार लगातार अदाणी समूह के पक्ष में खड़ी है।
मनसे के एक नेता ने मीडिया से बातचीत में कहा, “राज ठाकरे द्वारा अदाणी पर सवाल उठाने पर भाजपा इतनी आहत क्यों हुई? हमें इस बात पर आपत्ति है कि अन्य उद्योगपतियों से जबरदस्ती परियोजनाएं लेकर अदाणी को दी जा रही हैं। हम किसी भी उद्योगपति के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन किसी का एकाधिकार नहीं होना चाहिए और सभी को समान अवसर मिलना चाहिए।”
इस बीच, राज ठाकरे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि सिडको और अदाणी समूह द्वारा विकसित नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का प्रस्ताव कई साल पहले मुंबई हवाई अड्डे पर भीड़ कम करने के लिए रखा गया था और इसे पांच वर्षों में पूरा किया गया है।