मध्य प्रदेश में सड़क हादसे में दो युवकों की जान गई, एक घायल
नर्मदापुरम में सड़क दुर्घटना
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में नेशनल हाईवे-46 पर एक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मृत्यु हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सुबह लगभग 4 बजे ग्राम निटाया के निकट हुई। तेज गति से चल रही एक कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क पर खड़े ट्राले से टकराई और फिर दूसरी ओर की रेलिंग में जा घुसी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
देहात थाना पुलिस के एएसआई दीपक पाराशर ने जानकारी दी कि कार में सवार युवक मुलताई से भोपाल की ओर जा रहे थे। निटाया गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकराई और फिर डिवाइडर पार करते हुए रेलिंग में जा घुसी। इस हादसे में कार में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतकों की पहचान बैतूल के ग्राम मासौद निवासी ज्ञान सिंह ठाकुर और नागपुर के ग्राम वर्धा निवासी विशाल वाडगुरे के रूप में हुई है। वहीं, कार चालक गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल नर्मदापुरम भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.