मध्य प्रदेश कैबिनेट की बैठक में महत्वपूर्ण निर्णय, किसानों के लिए नई योजनाएं
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक
मध्य प्रदेश की कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में किसान कल्याण, शिक्षा, सिंचाई, बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एमएसएमई मंत्री चैतन्य कश्यप ने इन निर्णयों की विस्तृत जानकारी साझा की।
अम्बेडकर जयंती पर विशेष आयोजन
कैबिनेट ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती (14 अप्रैल) के अवसर पर 8 से 14 अप्रैल तक विशेष कार्यक्रमों की योजना को मंजूरी दी। राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन भिंड जिले में होगा, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियाँ शामिल होंगी।
गेहूं खरीद में बदलाव, छोटे किसानों को प्राथमिकता
किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए, कैबिनेट ने गेहूं की खरीद की तारीख को 10 अप्रैल से बढ़ाकर 9 अप्रैल 2026 करने की स्वीकृति दी। छोटे और सीमांत किसानों का गेहूं पहले खरीदा जाएगा। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार साढ़े तीन लाख से अधिक किसानों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। सभी जिलों में बारदाने की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
चना और मसूर की खरीद
सरकार किसानों के लाभ के लिए चना और मसूर की खरीद भी करेगी। चने का निर्धारित प्रतिशत और मसूर का शत-प्रतिशत उपार्जन किया जाएगा। इसके लिए 3175 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
NH-46 पर निर्माण कार्य, गडकरी का आभार
कैबिनेट ने NH-46 पर 22 किलोमीटर लंबे निर्माण कार्य के लिए 758 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया।
सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को हरी झंडी
भानपुरा क्षेत्र में 3500 हेक्टेयर भूमि और 120 गांवों के लिए सूक्ष्म सिंचाई परियोजना को स्वीकृति मिली। इस परियोजना से 77 प्रतिशत क्षेत्र में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि होगी।
उच्च शिक्षा और SC छात्रों को सहायता
दिल्ली में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे अनुसूचित जाति (SC) छात्रों को प्रतिमाह 10 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा, शिक्षा विभाग की योजनाओं की निरंतरता के लिए 2952 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई।
उज्जैन में नया एयरपोर्ट
590 करोड़ रुपये की उड़ान योजना के तहत उज्जैन में एयरपोर्ट का निर्माण केंद्र सरकार द्वारा किया जाएगा। इससे पर्यटन और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा।
FCRI का एकीकरण, वित्त प्रबंधन केंद्र बनेगा
FCRI की सात शालाओं के एकीकरण से भोपाल में वित्त प्रबंधन का एक बड़ा केंद्र स्थापित किया जाएगा।
काशी विश्वनाथ और महाकाल मंदिर के बीच MOU
कैबिनेट में महाकाल रियल टाइम सम्मेलन और कालगणना पर चर्चा हुई। 31 मार्च को हुए MP-UP सहयोग सम्मेलन की जानकारी दी गई। काशी विश्वनाथ मंदिर और महाकाल मंदिर के बीच पहला MOU साइन किया गया। सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य की उत्तर प्रदेश में प्रशंसा हुई और अयोध्या में भी इसका मंचन होगा। विक्रमादित्य वैदिक घड़ी काशी विश्वनाथ मंदिर को भेंट की गई।