मथुरा में नाव पलटने से 10 श्रद्धालुओं की मौत, 5 लापता
मथुरा में नाव दुर्घटना
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा में वृंदावन के पास शुक्रवार दोपहर एक पैंटून पुल से टकराकर एक नाव पलट गई। इस नाव में लगभग 25 से 30 श्रद्धालु सवार थे। इस दुखद घटना में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। ये सभी श्रद्धालु श्रृंगार घाट से नाव में सवार थे। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग चीखने-चिल्लाने लगे।
श्रद्धालु राधे-राधे का जाप कर रहे थे, लाइफ जैकेट नहीं थी
इस घटना से पहले का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें श्रद्धालु आस्था के साथ राधे-राधे का जाप करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो में एक महत्वपूर्ण बात यह है कि किसी भी श्रद्धालु ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी, जो नाविक की लापरवाही को दर्शाता है।
पांच श्रद्धालुओं का अब तक नहीं चला पता
इस दुर्घटना में गोताखोरों ने 15 लोगों को बचा लिया है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बचाव कार्य में सेना और पीएसी के गोताखोर शामिल हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को भी बुलाया गया है। शाम तक 5 से 6 श्रद्धालुओं का पता नहीं चल पाया था, जिनकी तलाश यमुना में की जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।
10 की मौत, 12 घायल
डीआईजी शैलेश पांडे ने जानकारी दी है कि इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, 12 लोग घायल हैं और 5 लोग अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश जारी है। उन्होंने आशा जताई कि बचाव दल जल्द ही सभी को सुरक्षित निकाल लेगा। घायलों को तुरंत मांट सीएचसी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दुर्घटना का एक कारण
बताया जा रहा है कि यमुना पर चल रहे कार्य के कारण पैंटून पुल को हटाया गया था, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया। घटना के बाद नगर निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
पंजाब से आया था 150 लोगों का दल
जांच में यह भी सामने आया है कि 150 लोगों का एक दल लुधियाना, पंजाब और मुक्तेश्वर से आया था, जो इस नाव में सवार थे। बताया गया है कि जिस नाव में लोग सवार थे, वह भी पलट गई है और उसकी तलाश जारी है। यह नाव एक प्राइवेट नाविक की थी।
सीएम योगी ने जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा, "जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।