मणिपुर में जबरन वसूली के आरोप में दो उग्रवादी गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षा बलों की कार्रवाई
मणिपुर के इंफाल वेस्ट और ईस्ट जिलों में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली में शामिल दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को इस संबंध में जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के 37 वर्षीय सदस्य को मंगलवार को इंफाल वेस्ट जिले के क्वाकेथेल में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उस पर जनता से जबरन वसूली करने का आरोप है।
अधिकारी ने यह भी बताया कि कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के 25 वर्षीय सदस्य को सोमवार को इंफाल ईस्ट जिले के कोंगपाल खैदेम लेइकाई से जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में पकड़ा गया। मणिपुर में दो साल पहले जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से सुरक्षा बलों का तलाशी अभियान जारी है।
मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद केंद्र ने मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया था। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, जिसे निलंबित कर दिया गया है।