मणिपुर में आतंकवादियों का घातक हमला, असम राइफल्स के 2 जवान शहीद
मणिपुर में आतंकवादियों का हमला
मणिपुर में आतंकवादियों ने असम राइफल्स के जवानों पर हमला किया.
मणिपुर में आतंकवादियों ने एक अर्धसैनिक बल के वाहन पर हमला किया है। यह घटना शुक्रवार शाम को बिष्णुपुर जिले में हुई। इस हमले में असम राइफल्स के दो जवान शहीद हो गए हैं, जबकि सात अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद सेना ने आतंकवादियों की खोज में व्यापक सर्चिंग अभियान शुरू किया है।
इंफाल पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम को अर्धसैनिक बल का एक वाहन बिष्णुपुर जिले के नाम्बोल सबल लेइकाई क्षेत्र से गुजर रहा था। तभी अज्ञात हथियारबंद आतंकवादियों के एक समूह ने वाहन पर घात लगाकर हमला किया। अचानक हुई फायरिंग में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने घायल जवानों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान
इस घटना के बाद असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने मिलकर आतंकवादियों की तलाश में अभियान शुरू किया है। पुलिस ने अपने स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है। आतंकवादियों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि पुलिस आरोपियों का एनकाउंटर कर सकती है। फिलहाल, पुलिस जंगलों में तलाशी अभियान चला रही है।
आतंकवादियों के पास थे भारी हथियार
पुलिस के अनुसार, असम राइफल्स के जवानों पर हमला करने वाले आतंकवादी भारी हथियारों से लैस थे। इस हमले में दो जवान शहीद हुए हैं। माना जा रहा है कि स्थानीय कुछ लोगों ने इन आतंकवादियों की मदद की है। पुलिस अब ऐसे लोगों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले रही है।