भोपाल में नए रेलवे स्टेशन का उद्घाटन, यात्रियों के लिए नई सुविधाएं
निशातपुरा रेलवे स्टेशन का उद्घाटन
भोपाल, 28 जुलाई: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को नव विकसित निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर दो नई रेलगाड़ियों के ठहराव की घोषणा की, जिसे क्षेत्र के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे का नेटवर्क इतना विशाल है कि प्रतिदिन लाखों लोग इसकी सेवाओं का लाभ उठाते हैं। इस अवसर पर, मुख्यमंत्री ने डॉ. आंबेडकर नगर-श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा मालवा एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ महापर्व को ध्यान में रखते हुए रेलवे सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भोपाल को निशातपुरा के रूप में चौथा रेलवे स्टेशन मिला है, जो पिछले 12 वर्षों में रेलवे के अभूतपूर्व विकास का प्रतीक है। अब निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने से नई दिल्ली से उज्जैन और इंदौर जाने वाली ट्रेनों को ट्रैक और इंजन बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
यादव ने कहा, 'निशातपुरा रेलवे स्टेशन पर दो ट्रेनों के ठहराव से यात्रियों को नई सुविधाएं मिलेंगी। निशातपुरा में रुकने वाली ट्रेनें शिव और शक्ति का प्रतीक हैं।' उन्होंने यह भी बताया कि अब नई दिल्ली से उज्जैन और इंदौर आने-जाने वाले यात्रियों का समय बचेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उज्जैन सिंहस्थ के मद्देनजर भारतीय रेलवे की ओर से सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है, क्योंकि इस आयोजन में लगभग 40 करोड़ श्रद्धालुओं के मध्यप्रदेश आने की संभावना है।
उन्होंने कहा, 'इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नए रेलवे स्टेशन यात्रियों की भीड़ को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। निशातपुरा क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित यह स्टेशन नागरिकों के लिए नए अवसर खोलेगा। यहां कई नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।'
अब नई दिल्ली से उज्जैन और इंदौर आने-जाने में समय की बचत होगी और यात्रियों को भोपाल मुख्य स्टेशन जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि भोपाल में अब रानी कमलापति रेलवे स्टेशन, भोपाल मुख्य रेलवे स्टेशन, संत हिरदाराम रेलवे स्टेशन और निशातपुरा रेलवे स्टेशन सहित कुल चार प्रमुख स्टेशन हो गए हैं।