भारत में सड़क परिवहन से होने वाले प्रदूषण का जनस्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव
सड़क परिवहन से प्रदूषण और जनस्वास्थ्य
नई दिल्ली, 29 जुलाई: भारत में सड़क परिवहन से उत्पन्न प्रदूषण जनस्वास्थ्य पर एक गंभीर बोझ डाल रहा है। 2024 में, हर छह मिनट में एक व्यक्ति की समय से पहले मृत्यु हुई और हर 34 मिनट में बच्चों में अस्थमा का एक नया मामला सामने आया। यह जानकारी एक नई रिपोर्ट में सामने आई है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) पर इसका प्रभाव असमान रूप से अधिक है। एनसीआर, जो देश की लगभग पांच प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करता है, में सड़क परिवहन से संबंधित अस्थमा के मामलों का 23 प्रतिशत हिस्सा दर्ज किया गया है। यह रिपोर्ट इंटरनेशनल काउंसिल ऑन क्लीन ट्रांसपोर्टेशन (आईसीसीटी) द्वारा बुधवार को जारी की गई है।
आईसीसीटी के वरिष्ठ शोधकर्ता और अध्ययन के सह-लेखक लिंगझी जिन ने कहा, “बोझ काफी असमान है। भारत में सड़क परिवहन से जुड़े बच्चों के अस्थमा के लगभग चौथाई मामले एनसीआर में हैं। ये बच्चे अपनी दैनिक गतिविधियों के दौरान यातायात से उत्पन्न प्रदूषण के संपर्क में आते हैं।”
विश्लेषण में यह भी बताया गया है कि भारत के परिवहन क्षेत्र में भारी वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
रिपोर्ट के अनुसार, ट्रकों और बसों की संख्या कुल वाहनों की तुलना में कम होने के बावजूद, ये वायु प्रदूषण में असमान रूप से अधिक योगदान देते हैं। 2024 में, भारत में सड़क परिवहन से होने वाले धुएं में भारी वाहनों की हिस्सेदारी नाइट्रोजन ऑक्साइड (एनओएक्स) उत्सर्जन में 79 प्रतिशत और पीएम2.5 उत्सर्जन में 64 प्रतिशत रही। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस समस्या का समाधान करने के लिए कम उत्सर्जन और शून्य उत्सर्जन वाले वाहनों को तेजी से अपनाने की आवश्यकता है, साथ ही पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से हटाने के लिए नियामकीय उपायों की जरूरत है।
विश्लेषण में यह भी कहा गया है कि इन उपायों को लागू करने से 2050 तक भारत में 17 लाख समयपूर्व मौतों को रोका जा सकता है। लिंगझी जिन ने कहा, “अधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में शून्य उत्सर्जन वाले वाहनों की ओर बदलाव लाना जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए सबसे प्रभावी उपायों में से एक है।”