×

भारत ने ईरान से वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षा की अपील की

भारत ने ईरान से अपील की है कि वह वाणिज्यिक जहाजों और उनके नाविकों पर हमले न करे। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ईरानी समकक्ष से बातचीत में क्षेत्र में चल रहे संघर्ष को लेकर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत किसी भी हमले की निंदा करता है। इस बातचीत के दौरान, उन्होंने ईरान के दृष्टिकोण को भी सुना। हाल के संघर्ष में कई भारतीय नागरिकों की जान गई है, जिससे भारत की चिंता और बढ़ गई है।
 

भारत की ईरान से अपील

(फाइल फोटो के साथ) नयी दिल्ली, 31 जुलाई: भारत ने शुक्रवार को ईरान से स्पष्ट रूप से अनुरोध किया कि वह किसी भी स्थिति में वाणिज्यिक जहाजों और उनके नाविकों पर हमले न करे। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष अब्बास अराघची के साथ फोन पर बातचीत के दौरान कहा कि भारत किसी भी पक्ष द्वारा किए गए हमलों की कड़ी निंदा करता है। जयशंकर ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, "मैंने अराघची के साथ क्षेत्र में चल रहे संघर्ष को लेकर अपनी गहरी चिंता व्यक्त की।" उन्होंने जोर देकर कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर हमलों से बचना चाहिए।


जयशंकर ने कहा, "भारत किसी भी पक्ष द्वारा किए गए ऐसे हमले की निंदा करता है।" उन्होंने बताया कि अराघची ने उन्हें मौजूदा घटनाक्रम और वार्ताओं पर ईरान के दृष्टिकोण से अवगत कराया। उन्होंने कहा, "भारत हमेशा संवाद और कूटनीति को प्राथमिकता देता है।" यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। भारत होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हो रहे हमलों को लेकर लगातार चिंतित रहा है।


विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में बताया कि फरवरी से पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में 10 नाविकों सहित 16 भारतीय नागरिकों की जान जा चुकी है, जबकि 75 अन्य घायल हुए हैं। एक लिखित प्रश्न के उत्तर में सिंह ने कहा, "2026 में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से 10 नाविकों सहित 16 भारतीय नागरिकों की मौत हुई है। इनमें से एक सऊदी अरब, दो कुवैत, आठ ओमान, एक इराक और चार संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मारे गए।"


साथ ही, 75 भारतीय घायल हुए हैं, जिनमें 32 संयुक्त अरब अमीरात, 24 ओमान, चार कतर, 13 कुवैत, एक सऊदी अरब और एक इजराइल में घायल हुए।" एक प्रश्न के उत्तर में सिंह ने जून में एक ऊर्जा परिसर में हुए विस्फोट और आग लगने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा, "इन हमलों के अलावा एक हादसे में कतर के रास लाफान गैस केंद्र में 12 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई।