×

भाजपा ने बिहार में घर-घर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की

भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बिहार में घर-घर चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने दीघा विधानसभा क्षेत्र में लोगों से मुलाकात की और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया। प्रधान ने बिहार की जनता के समर्थन को देखते हुए राजग सरकार बनाने का विश्वास व्यक्त किया। इस दौरान कई प्रमुख भाजपा नेता भी उनके साथ थे। जानें इस अभियान के बारे में और क्या कहा गया।
 

भाजपा का चुनाव प्रचार अभियान

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बिहार प्रदेश चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को पटना में घर-घर चुनाव प्रचार की शुरुआत की।


इस दौरान, प्रधान ने दीघा विधानसभा क्षेत्र के आदर्श चौक, वेस्टर्न पटेल नगर और अन्य स्थानों का दौरा किया, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात की।


उन्होंने बातचीत के दौरान लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील की।


केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘जनसंपर्क के दौरान मिले अपार स्नेह और समर्थन से यह स्पष्ट है कि बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सशक्त नेतृत्व में राजग की सरकार बनाने का संकल्प ले चुकी है।’’


प्रधान ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभों पर लोगों की राय भी जानी। उन्होंने कहा कि जनता बदलते बिहार के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखती है और भाजपा के जनसंपर्क अभियान की सराहना कर रही है।


इस अवसर पर पटना साहिब से सांसद रविशंकर प्रसाद, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ऋतुराज सिन्हा और पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख भी उनके साथ उपस्थित थे।