भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए
काशी में भाजपा नेताओं का दर्शन-पूजन
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित अन्य प्रमुख नेताओं के साथ काशी में बाबा विश्वनाथ धाम में विधिपूर्वक दर्शन और पूजा की।
नितिन नवीन ने ‘एक्स’ पर साझा करते हुए लिखा, “अविनाशी काशी में बाबा श्री काशी विश्वनाथ जी के गर्भगृह में विधिवत दर्शन-पूजन कर महादेव का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त किया। देवाधिदेव महादेव के चरणों में राष्ट्र की निरंतर प्रगति, जनकल्याण और प्रत्येक नागरिक की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की। हर हर महादेव।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर लिखा, “भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ आज शिवनगरी काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान भोलेनाथ सभी भक्तों व प्रदेशवासियों का कल्याण करें, यही प्रार्थना है।”
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा, “अविनाशी नगरी काशी स्थित श्री विश्वनाथ धाम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के साथ बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का पूजन-अर्चन किया।”
चौधरी ने यह भी बताया कि इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और अन्य भाजपा पदाधिकारी भी उपस्थित थे। उन्होंने बाबा से प्रार्थना की कि वे चराचर जगत का कल्याण करें और राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त करें, हर-हर महादेव।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार, 28 अप्रैल से उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इस दौरान प्रधानमंत्री अपने संसदीय क्षेत्र में एक सभा को भी संबोधित करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के सभी प्रमुख नेता काशी पहुंचे हैं।