भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा
भाजपा की संगठनात्मक समीक्षा बैठक
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए पटना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के नेताओं से आग्रह किया कि वे व्यक्तिगत स्वार्थों को छोड़कर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को प्राथमिकता दें।
राजकीय अतिथिशाला में नड्डा ने बिहार भाजपा के प्रमुख नेताओं, नीतीश सरकार में भाजपा के मंत्रियों और प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों और विधानसभावार सम्मेलनों पर चर्चा की गई। उन्होंने सामाजिक संपर्क को मजबूत करने और राजग के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाने पर जोर दिया।
इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बी एल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय चुनाव समिति और कोर ग्रुप के सचिव प्रेम रंजन पटेल सहित अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
नड्डा का विपक्ष पर हमला
नड्डा ने विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का नया नामकरण करते हुए कहा कि ‘रा’ का अर्थ ‘रंगदारी’, ‘ज’ का अर्थ ‘जंगलराज’ और ‘द’ का अर्थ ‘दादागिरी’ है।
उन्होंने कहा कि आज बिहार के लोग मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा, "2005 से पहले बिहार की स्थिति क्या थी और अब क्या है। पहले तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और सत्ता समर्थित अपराध की राजनीति थी, जबकि अब राजग सरकार के नेतृत्व में बिहार विकास की ओर बढ़ रहा है।"
उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं, जिससे अत्यधिक गरीबी में 80 प्रतिशत की कमी आई है। नड्डा ने कहा, "मोदी ने 14 करोड़ से अधिक घरों में नल के माध्यम से पानी और चार करोड़ से अधिक गरीबों को आवास प्रदान किया है।"