×

बॉलीवुड के गीतकार समीर: 500 फिल्मों में 4000 गाने लिखने का गिनीज रिकॉर्ड

बॉलीवुड के मशहूर गीतकार समीर ने 500 फिल्मों में 4000 से अधिक गाने लिखकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया है। उनका सफर वाराणसी से शुरू होकर बैंक की नौकरी छोड़कर मुंबई तक पहुंचा। समीर ने अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा और कई हिट गाने लिखे। जानें उनके करियर की खास बातें और उपलब्धियों के बारे में।
 

किस गीतकार के नाम है गिनीज बुक रिकॉर्ड?


बॉलीवुड के गीतकार समीर का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड: भारतीय फिल्म उद्योग में कई ऐसे कलाकार हैं जिन्होंने अद्वितीय कार्य किए हैं। इनमें से कई कलाकार दशकों से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने कई रिकॉर्ड भी बनाए हैं। जब सबसे अधिक फिल्में करने वाले अभिनेताओं की बात होती है, तो ब्रह्मानंदन का नाम सबसे पहले आता है। वहीं, जब सबसे अधिक गाने रिकॉर्ड करने की चर्चा होती है, तो आशा भोसले, लता मंगेशकर और पी सुशीला का नाम लिया जाता है।


जब संगीत देने वाले कलाकारों की बात आती है, तो इलय्याराजा का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सबसे अधिक गाने लिखने वाले गीतकार कौन हैं? अगर आपका अनुमान गुलजार, जावेद अख्तर या आनंद बक्शी पर है, तो आप गलत हैं। असल में, यह नाम है गीतकार समीर।


गीतकार पिता का गीतकार बेटा

समीर का जन्म उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हुआ। उनके पिता अंजान, बॉलीवुड के प्रसिद्ध गीतकार रहे हैं और उन्हें सबसे प्रख्यात गीतकारों में से एक माना जाता है। उन्होंने अपने करियर में 300 से अधिक फिल्मों में 1500 से ज्यादा गाने लिखे हैं। अंजान ने लक्ष्मीकांत प्यारेलाल और बप्पी लाहिड़ी जैसे संगीतकारों के लिए भी गाने लिखे हैं। समीर ने अपने पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए फिल्म इंडस्ट्री में लिरिक्स लिखना शुरू किया।


बॉलीवुड के लिए छोड़ी बैंक की नौकरी

समीर का असली नाम शीतला पांडे है। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से कॉमर्स में मास्टर डिग्री प्राप्त की और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में बैंक ऑफिसर के रूप में काम करना शुरू किया। हालांकि, उन्हें जल्दी ही एहसास हुआ कि यह करियर उनके लिए नहीं है। इसके बाद, उन्होंने नौकरी छोड़कर बॉलीवुड में अपने पिता की तरह करियर बनाने के लिए मुंबई का रुख किया।


500 फिल्मों में लिख डाले 4000 गाने

समीर ने अपना पहला गाना 1983 में फिल्म 'एक बार चले आओ' के लिए लिखा था। इसके बाद, उन्होंने कई हिट फिल्मों के लिए गाने लिखे, जैसे 'स्वर्ग', 'दिल', और 'आशिकी'। आशिकी फिल्म के गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। इस फिल्म की सफलता के बाद, समीर बॉलीवुड में एक आवश्यक लिरिस्ट बन गए।


समीर की उप्लब्धियां

समीर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि वे पिछले 40 वर्षों से बॉलीवुड के लिए गाने लिख रहे हैं और समय के साथ खुद को ढालते रहे हैं। उन्होंने 500 से अधिक फिल्मों के लिए 4000 से ज्यादा गाने लिखे हैं। उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में सबसे अधिक गाने लिखने वाले लिरिस्ट के रूप में दर्ज है। इसके अलावा, उन्हें चार बार फिल्मफेयर अवार्ड भी मिल चुका है।


2025 में इन फिल्मों के लिए लिखे सॉन्ग्स

समीर ने 2025 में सलमान खान की फिल्म 'सिकंदर', हिमेश रेशमिया की 'बैडाश रवि कुमार', टाइगर श्रॉफ की 'बागी 4', और हर्षवर्धन राणे की 'एक दीवाने की दीवानियत' के लिए गाने लिखे। वे 2026 में अनुराग बसु की अनटाइटिल्ड फिल्म के लिए भी गाने लिख रहे हैं। समीर के गाने आज भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।