बुजुर्ग को मृत घोषित कर बेटे ने बेचा मकान, अब अधिकारियों से गुहार लगा रहा है
मुजफ्फरनगर में बुजुर्ग की अनोखी कहानी
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग इस्माइल को उसके बेटे ने मृत बताकर उसके मकान को बेच दिया। जब यह मामला पुलिस थाने पहुंचा, तो थानेदार ने भी अपनी रिपोर्ट में बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया। अब यह बुजुर्ग अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटते हुए अपनी जिंदा होने की गुहार लगा रहा है। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
ककरौली थाना क्षेत्र के कमहेड़ा गांव के निवासी इस्माइल ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय का दौरा किया। हालांकि, तहसील दिवस होने के कारण अधिकारियों से उसकी मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन मीडिया से बातचीत में उसने अपनी पीड़ा साझा की। इस्माइल का आरोप है कि उसके बड़े बेटे आबिद ने उसके मकान के फर्जी दस्तावेज बनाकर उसे मृत दिखाते हुए पड़ोसी गुलबहार के नाम पर बैनामा करा दिया।
थानाध्यक्ष ने भी किया मृत घोषित
इस मामले का विवाद ककरौली थाने में चल रहा है। जब इस्माइल और उसके अन्य बेटों को इस बात की जानकारी मिली, तो उन्होंने ककरौली पुलिस से संपर्क किया। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जोगिंदर सिंह ने भी अपनी रिपोर्ट में इस्माइल को मृत बताया। इसके बाद से बुजुर्ग लगातार वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर काटकर अपनी जिंदा होने की गुहार लगा रहा है। सीओ भोपा देवव्रत बाजपेई ने भी माना कि रिपोर्ट में गलती से बुजुर्ग को मृतक दिखाया गया है, जिसे सुधारने की प्रक्रिया चल रही है।
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
इस्माइल के बेटे जावेद ने बताया कि थाने में उनके मकान का मामला चल रहा है, जिसमें उनके भाई ने पिता को मृत घोषित कर बैनामा करा लिया था। उन्होंने थाने में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थानाध्यक्ष ने भी पिता को मृत बताकर रिपोर्ट दर्ज की थी। उनके भाई पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि उनका ही 151 का चालान कर दिया गया।