बिहार में पत्नी ने पति की जीभ काटकर निगली, मामला चौंकाने वाला
अजीबोगरीब घटना से दंग रह गए लोग
बिहार के गयाजी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक महिला ने अपने पति की जीभ काटकर उसे निगल लिया। पति खून से लथपथ होकर तड़पने लगा, जिसे देखकर पत्नी ने सारा खून भी पी लिया और फिर वहां से भाग गई। पति को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित का नाम मुकेश दास है, जिसकी उम्र 36 वर्ष है। जीभ कटने के कारण वह अब बोल नहीं पा रहा है। यह घटना खिजरसराय क्षेत्र की है। मुकेश की पत्नी एक आशा वर्कर है। मुकेश के अनुसार, उसकी पत्नी ने उसे चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर यह कांड किया।
मुकेश ने बताया कि सोमवार की शाम जब वह घर आया और जलजीरा पी रहा था, तभी उसकी पत्नी सुनीता ने कहा कि उसने जहर पी लिया है। मुकेश ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन सुनीता ने जिद की कि वह अपनी जीभ दिखाए। पहले मुकेश ने जीभ नहीं दिखाई, लेकिन बाद में उसने सुनीता की बात मान ली। जैसे ही उसने जीभ बाहर निकाली, सुनीता ने झपटकर जीभ काटकर निगल लिया।
मुकेश ने पहले पुलिस को झूठी कहानी सुनाई कि वह घर में पंखा ठीक कर रहा था और गिरने से उसकी जीभ कट गई। लेकिन जब उससे सच्चाई पूछी गई, तो उसने पूरी घटना बताई।
मुकेश ने बताया कि उसकी पत्नी सुनीता अजीब हरकतें करती है। एक बार उसने अपनी बेटी को लेकर पहली मंजिल से कूद गई थी, लेकिन दोनों को कुछ नहीं हुआ। मुकेश का मानना है कि उसकी पत्नी में कोई अद्भुत शक्ति है।
मुकेश और सुनीता के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी शामिल हैं। सभी बच्चे दादा-दादी के पास रह रहे हैं। घटना के बाद से सुनीता फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।