×

बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर की बढ़त, भाजपा के नीरज कुमार पीछे

बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार को 2,319 मतों से पीछे छोड़ दिया है। मतगणना के पांचवें दौर में प्रशांत किशोर को 8,971 वोट मिले हैं। क्या वह भाजपा से यह सीट जीतने में सफल होंगे? जानें इस चुनाव की ताजा स्थिति और रुझान।
 

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना

पटना, तीन अगस्त: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के पांचवें चरण में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नीरज कुमार को 2,319 मतों से पीछे छोड़ दिया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सुबह साढ़े 11 बजे तक कुल 31 दौर की मतगणना में से पांच दौर पूरे हो चुके हैं। वर्तमान रुझानों के अनुसार, प्रशांत किशोर को 8,971 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा के नीरज कुमार को 6,652 वोट प्राप्त हुए हैं।


प्रशांत किशोर ने 2,319 मतों की बढ़त बनाए रखी है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 1,534 मतों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मतगणना सोमवार सुबह आठ बजे शुरू हुई।


सभी की नजरें इस बात पर हैं कि क्या प्रशांत किशोर, जो पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं, भाजपा से यह सीट जीतने में सफल होंगे। बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जनता का निर्णय स्वीकार किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'ये प्रारंभिक रुझान हैं।'


उन्होंने आगे कहा, 'कुछ और दौर की मतगणना के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। हमें उम्मीद है कि जनादेश राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में होगा, क्योंकि हमने सभी जातियों, धर्मों और समुदायों के विकास के लिए काम किया है।'


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद इस सीट के रिक्त होने के कारण उपचुनाव आवश्यक हो गया था। भाजपा ने इस सीट से युवा मोर्चा के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।


राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को फिर से उम्मीदवार बनाया है। पिछले विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के नितिन नवीन से 50,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गई थीं। उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को हुए मतदान में 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया, जो पिछले विधानसभा चुनाव के 41.45 प्रतिशत मतदान से सात प्रतिशत कम है।


मतगणना शुरू होने से पहले राजद के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा की। इस बीच, पटना में भाजपा कार्यकर्ता मिठाई की दुकानों पर लड्डू बनवाते हुए नजर आए, उनका दावा है कि नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित है।