बहराइच में प्रसव पीड़ा से तड़पती महिला ने खुद को चाकू से काटा
बहराइच की चौंकाने वाली घटना
बहराइच: प्रसव के समय होने वाला दर्द इतना तीव्र होता है कि इसे सहन करना किसी के लिए भी मुश्किल हो सकता है। इसी दर्द को सहते हुए एक महिला ने एक चौंकाने वाला कदम उठाया। यूपी के बहराइच जिले से आई इस घटना में, एक गर्भवती महिला ने प्रसव पीड़ा के चलते खुद को चाकू से काट लिया।
यह घटना नंदवल गांव की है, जहां 38 वर्षीय ननकई को गुरुवार सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हुई। घर में कोई नहीं होने के कारण, उसने कुछ समय तक दर्द को सहन किया, लेकिन जब दर्द असहनीय हो गया, तो उसने सब्जी काटने वाले चाकू से अपने पेट को चीर दिया। उसके चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
महिला के पति की छह महीने पहले मृत्यु हो चुकी थी। जब उसकी मां को घटना की जानकारी मिली, तो वह तुरंत मौके पर पहुंची। ननकई को फकरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी नार्मल डिलीवरी करवाई। ननकई ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया, लेकिन उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।