बरेली में शादी समारोह में हंगामा: दुल्हन प्रेमी के साथ भागी, छोटी बहन से निकाह की कोशिश
बरेली में शादी समारोह का हंगामा
बरेली समाचार: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया जब दुल्हन निकाह से पहले अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। परिवार की प्रतिष्ठा को बचाने के लिए, दोनों पक्षों ने सहमति से दुल्हन की छोटी बहन से शादी कराने का निर्णय लिया। लेकिन थोड़ी देर बाद ही बारातघर में मारपीट की खबर आई। इस झगड़े में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने चार व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
दरअसल, बिथरी चैनपुर के एक गांव की युवती का रिश्ता पास के गांव के युवक से तय हुआ था। शनिवार को नरियावल स्थित बारातघर में निकाह की तैयारियां चल रही थीं। दोनों परिवारों में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक शुक्रवार रात दुल्हन घर से गायब हो गई। परिवार को पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई है और उसने अपने साथ जेवर भी ले लिए थे.
दुल्हन के भागने की खबर सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया। जब यह मामला दूल्हे के परिवार तक पहुंचा, तो दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। शादी टूटने की स्थिति बन गई। इसके बाद रिश्तेदारों और गांव के जिम्मेदार लोगों ने कई घंटे तक पंचायत की। अंततः दोनों पक्ष इस पर सहमत हुए कि दुल्हन की छोटी बहन का दूल्हे से निकाह करा दिया जाए, ताकि शादी हो सके और दोनों परिवारों की इज्जत बनी रहे.
छोटी बहन के प्रेम प्रसंग की जानकारी से बिगड़ा माहौल
शनिवार को बारात तय समय पर बारातघर पहुंच गई। निकाह की रस्म की तैयारी चल रही थी, तभी किसी ने दूल्हे के परिवार को बताया कि जिस छोटी बहन से निकाह होना था, उसका भी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह भी शादी नहीं करना चाहती.
यह सुनते ही दूल्हे के परिवार के लोग नाराज हो गए और आपत्ति जताई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि लोग एक-दूसरे पर हमला करने लगे। बारातघर में लाठियां और ईंटें चलने लगीं, जिससे शादी का माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया.
तीन लोग घायल, पुलिस ने चार को हिरासत में लिया
मारपीट के दौरान दुल्हन की चचेरी बहन, उसका देवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। हंगामे के बाद शादी पूरी तरह से रद्द हो गई और बारात बिना दुल्हन के लौट गई.
बिथरी चैनपुर के एसओ राजेश मिश्रा ने बताया कि जिस युवती का निकाह होना था, वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। बाद में उसकी छोटी बहन से निकाह कराने की बात हुई, लेकिन उसके प्रेम प्रसंग के सामने आने पर विवाद हुआ। मारपीट में दो से तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच की जा रही है.