बंगाल और असम में भाजपा की जीत के बाद सरकार गठन की प्रक्रिया तेज
भाजपा की प्रचंड जीत के बाद सरकार बनाने की तैयारी
नई दिल्ली। भाजपा ने बंगाल और असम में शानदार जीत हासिल की है, जिसके बाद सरकार गठन की प्रक्रिया में तेजी आ गई है। पार्टी ने गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल के लिए और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को असम के विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल का पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
इसके साथ ही, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को असम के पर्यवेक्षक और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सह पर्यवेक्षक बनाया गया है।
बंगाल में 9 मई को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। बंगाल भाजपा के अध्यक्ष ने इसकी घोषणा की है। मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर कई अटकलें लगाई जा रही हैं, और यह संभावना जताई जा रही है कि ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु अधिकारी बंगाल के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं। हालांकि, इस मामले में अभी भी सस्पेंस बना हुआ है, जिसका निर्णय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा लिया जा सकता है.