फिरोजाबाद का अनोखा मंदिर: मन्नत पूरी होने पर अंडा चढ़ाने की परंपरा
फिरोजाबाद में अंडा चढ़ाने वाला मंदिर
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक अनोखा मंदिर है, जहां मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु अंडा चढ़ाते हैं। यह मंदिर बिलहना गांव में स्थित बाबा नगर सेन का प्राचीन मंदिर माना जाता है।
यहां विशेष रूप से संतान प्राप्ति की मन्नत के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। श्रद्धालु यहां पूड़ी हलवा के साथ मुर्गी के कच्चे अंडे का भोग चढ़ाते हैं, जो कि यहां की एक अनोखी परंपरा है।
हर साल वैशाख माह में तीन दिवसीय भव्य मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। मंदिर के पुजारी जगन्नाथ दिवाकर ने बताया कि बाबा नगर सेन की पूजा के लिए प्रदेशभर से लोग आते हैं।
विशेष रूप से महिलाएं, जो बच्चों की सेहत और सुरक्षा के लिए बाबा के दरबार में हाजिरी लगाती हैं। यहां माता-पिता अपने बच्चों को लेकर आते हैं, खासकर दस्त जैसी बीमारियों से मुक्ति दिलाने की मान्यता के चलते। जिन महिलाओं को संतान नहीं होती, वे भी बाबा नगर सेन से मन्नत मांगती हैं और संतान प्राप्ति के बाद विशेष भोग चढ़ाती हैं।