फिरोजपुर में काला गाबा हत्या मामले में गैंग का दावा, सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय
फिरोजपुर में हत्या का मामला
फिरोजपुर समाचार: पंजाब के फिरोजपुर जिले में काला गाबा की हत्या के बाद एक सोशल मीडिया पोस्ट ने हलचल मचा दी है। इस पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। जैसे ही यह पोस्ट वायरल हुई, सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सतर्क हो गई हैं। पोस्ट में कहा गया है कि माखू क्षेत्र में हुई इस हत्या के पीछे गैंग का हाथ है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच एजेंसियां इसकी सत्यता की जांच कर रही हैं।
पोस्ट में क्या लिखा गया है?
"राम-राम सभी भाइयों को। मैं आर.डी. धालीवाल, हरमन संधू और टायसन बिश्नोई... यह जो माखू, पंजाब में काला गाबा का मर्डर हुआ है, उसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं। इसने वह हरकत कर रखी थी, जिसे कभी माफ नहीं किया जा सकता था। हमारे एक गरीब परिवार के प्यारे भाई की पूरी जिंदगी बर्बाद कर दी। बहन तक को टॉर्चर करता था। इसे कॉल भी की थी, पर आगे से इसने ब्लॉक कर दिया। हमने पूरे दो साल इसका इंतजार किया। इसे ऐसा लगता था कि मेरे पास बहुत पैसा है, मेरा यह क्या कर लेंगे। फिर किया वही जो धर्म सिखाता है।"
"बाकी हमारी (चेतावनी) है। हमारे ग्रुप के किसी भी भाई ने किसी को भी फोन कर रखा है। एक-दो डॉक्टर और पंजाबी इंडस्ट्री के प्रोड्यूसर यह ध्यान रखें। यह मत सोच लेना कि हम भूल गए हैं। साल के 365 दिन में एक दिन भी हमारा आ गया तो सीधे सीने पर गोली चलेगी। दुनिया के किसी भी देश में चले जाओ।"
सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता
सोशल मीडिया पर पोस्ट के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह पोस्ट किस अकाउंट से की गई और इसके पीछे कौन लोग हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्ट के वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है और लोग इस मामले पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, फिरोजपुर जिले के मक्खू क्षेत्र में सोमवार दोपहर को दिनदहाड़े गोलीबारी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बाइक पर सवार दो बदमाशों ने दुकान पर बैठे कारोबारी गुरचरण सिंह उर्फ काला गाबा पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मोगा जाते समय उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।