फलौदी और बाप नगर पालिका के लिए वार्डों का आरक्षण प्रक्रिया संपन्न
वार्डों का आरक्षण और लॉटरी प्रक्रिया
फलौदी। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर परिषद फलौदी और नगर पालिका बाप के लिए वार्डों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया का आयोजन निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका तलानिया ने जानकारी दी कि नगर परिषद फलौदी के लिए 40 वार्डों की लॉटरी प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें अनुसूचित जाति के लिए 5 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जिनमें से 2 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। अनुसूचित जाति की जनसंख्या के आधार पर वार्ड नंबर 24, 2, 20, 35 और 37 के लिए महिला सीटों की लॉटरी निकाली गई, जिसमें वार्ड नंबर 20 और 2 अनुसूचित जाति की महिलाओं के लिए आरक्षित हुए।
इसके बाद अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए शेष वार्डों की लॉटरी प्रक्रिया की गई। ओबीसी वर्ग के लिए 8 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जिनमें 3 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। लॉटरी के परिणामस्वरूप वार्ड नंबर 33, 8, 38, 30, 28, 21, 31 और 23 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुए। ओबीसी महिलाओं के लिए वार्डों की लॉटरी में वार्ड नंबर 33, 30 और 23 आरक्षित हुए।
सामान्य वर्ग के 27 वार्डों में सामान्य महिलाओं के लिए 9 वार्डों की लॉटरी प्रक्रिया की गई, जिसमें वार्ड नंबर 9, 1, 40, 26, 11, 34, 6, 14 और 27 सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षित हुए।
इसके बाद नगर पालिका बाप के 20 वार्डों की लॉटरी प्रक्रिया की गई। अनुसूचित जाति के लिए 4 वार्ड आरक्षित हैं, जिनमें 1 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित है। अनुसूचित जाति की जनसंख्या के आधार पर वार्ड नंबर 3, 11, 4 और 16 के लिए महिला सीटों की लॉटरी की गई, जिसमें वार्ड नंबर 16 महिला अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुआ।
ओबीसी वर्ग के लिए 4 वार्ड आरक्षित किए गए हैं, जिनमें 1 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित है। लॉटरी प्रक्रिया में वार्ड नंबर 15, 13, 7 और 1 ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित हुए, जबकि ओबीसी महिलाओं के लिए वार्ड नंबर 13 आरक्षित हुआ।
सामान्य वर्ग के 12 वार्डों में सामान्य महिलाओं के लिए 4 वार्डों की लॉटरी प्रक्रिया की गई, जिसमें वार्ड नंबर 18, 12, 10 और 19 सामान्य महिलाओं के लिए आरक्षित हुए। इस लॉटरी प्रक्रिया में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।